हरी सब्जी में भिण्डी की सब्जी प्रत्येक व्यक्ति की पंसदीदा सब्जी है अगर बेसन की भरमा भिण्डी सब्जी हो तो क्या कहना फिर स्वाद में चार चाँद लग जाते हैं।
सामग्री - एक पाव भिण्डी, सौ ग्राम बेसन, लहसुन पोथी चार, दो प्याज, हरी या लाल मिर्च, धनिया, हल्दी पाउडर, नमक, राई, एक नींबू, हरा धनिया पत्ती ।
विधि - सर्वप्रथम भिण्डी को पानी से धो लेवें साफ कपड़े से पौंछ लेवें । साइज में भिण्डी छोटी रखें, आरंभ एवं आखिर का हिस्सा काट देवें तत्पश्चात् बीच का भाग काटें । कढ़ाही में थोड़ा तेल डालकर बेसन सेंक लेवें । सेंककर एक थाली में अलग रखें । तेल में राई सहित लहसुन प्याज को पीसकर भूंज लेवें । फिर हल्दी, मिर्च, धनियाँ, नमक डालें । मसाला जब पूरा भुंज जावे तब भुंजा बेसन मिला लेवें। नींबू निचोकर रस डालें। अच्छी प्रकार से मिलाकर कढ़ाही को आग से नीचे उतार लेवें । फिर भिण्डी के कटे हुए मध्य भाग में मसाला भर देवें ऐसा मसाला भरें जिससे भिण्डी का खाली स्थान पूरा भर जावे । पूरा भरने के बाद कढ़ाही में तेल डालें गरम आँच पर चढ़ा देवें और भिण्डी कढ़ाही में रख देवें । 15 मिनिट तक धीमी आँच पर रखें बीच-बीच उलटते-पलटते रहें। 20 मिनिट बाद बेसन भरवाँ भिण्डी तैयार ऊपर से हरा धनियां काट के डाल देवें ।
पौष्टिकता - आहार में पौष्टिक तत्वों का महत्व होता है । आयरन, विटामिन 'सी' रक्त की कमी को दूर करते हैं। प्रोटीन, खनिज लवण, शरीर के विकास में सहायक होते हैं । भिण्डी में कैल्शियम शुगर पेसेंट के लिए लाभकारी है कच्ची भिण्डी को काट कर पानी में रखें यदि उसी पानी का उपयोग करें तो शुगर कंट्रोल होती है। बेसन में प्रोटीन, लहसुन, प्याज में खनिज लवण की मात्रा पर्याप्त होती है ।