बुन्देलखण्ड का मिष्ठान प्रमुख है बेसन की बर्फी । हर्षकाल, चन्देल काल से आरंभ है। प्रत्येक जनमानस की रूचिकर मिष्ठान की श्रेणी में आती है बर्फी । विवाह सगाई बच्चे का जन्मोत्सव एवं त्यौहारों में बर्फी की खुशबू घर-घर में सुगंध फैलाती
है ।
सामग्री - बेसन आधा किलो, शक्कर तीन सौ ग्राम, एक पाव शुद्ध घी, इलायची, चिरौंजी, किसमिश, नारियल घिस हुआ ।
विधि - कढ़ाही में घी डालें, गरम होने पर बेसन डाल देवें, झरिया से नीचे ऊपर चलाते जावें ताकि जले नहीं । गुलाबी होने पर उतार लेवें । अब शक्कर की चासनी बनायें एक कप पानी डालकर शक्कर डाल देवें खौल आने पर करछली से चलते जावें इलायची दाना पीसकर इसी में डाल दें । न गाढ़ा, न पतली चासनी हो आग से नीचे उतार लेवें । बेसन डालकर मिक्स करें एक थाली में घी लगावें और पूरा पेस्ट पलटा देवें करछली से गरम-गरम फैलाते जावे ऊपर से चिकना कर देवें चिरौंजी किशमिश नारियल किसा हुआ डाल देवें । थोड़ा ठण्डा होने पर चोकोन पीस काट देवें । ज्यों-ज्यों ठण्डा होगा, बर्फी जम जायेगी । लीजिये बुन्देली व्यंजन की मिठाई बर्फी तैयार । बेसन की बरफी स्वादिष्ट एवं मन भावन होती है । विवाह अवसर तथा मृत्यु भोज पर तैयार जरूर की जाती है अतः सुख-दुख दोनों परिस्थितियों में बेसन बर्फी का उपयोग किया जाता है । प्रायः अतिथि सत्कार में बेसन बर्फी घर में तैयार की जाती है ।
पौष्टिकता - बेसन-प्रोटीन, शक्कर-कार्बोहाइड्रेट, घी-वास, किशमिश -कैल्शियम, विटामिन 'सी', चिरौंजी-प्रोटीन, नारियल-वास । उक्त सभी तत्व शरीर को ऊर्जा प्रदान करते हैं एवं शरीर के विकास में सहायक होते हैं ।