पन्ना, जहाँ जुगलकिशोर मंदिर पारम्परिक लोकगीतों में चर्चित है वहीं प्राणनाथ मंदिर देश के प्रणामियों में तीर्थ की तरह मान्य है परन्तु जैन धर्मावलम्बियों के लिये भी यहाँ के प्राचीन जिनालय कम महत्वपूर्ण नहीं है। चौमुरखानाथ नचना, शीरा पहाड़ और अजयगढ़ के लोकपाल तो सर्वविदित हैं हीं।
पन्ना शहर में 2 जैन मंदिर है जिनमें एक जिनालय में मोहिन्द्रा से लाई गई, प्राचीन मूर्तियाँ अत्यन्त भव्य हैं। पन्ना से अजयगढ़ की तरफ जाने पर जहाँ पहाड़ी घटियाँ और कटानें आकर्षक हैं वहीं प्रसिद्ध अजयगढ़ दुर्ग में आदमकद भगवान शान्तिनाथ, अजितनाथ और श्रेयांसनाथ की उत्तुंग मूर्तियाँ अत्यन्त भव्य और दर्शनीय हैं। यह क्षेत्र पुरातत्व विभाग के संरक्षण में है। यहाँ के पाषाण स्तम्भ पर उत्कीर्ण अनेक मूर्तियाँ कलात्मक हैं। मानस्तभ की भी सुन्दर रचना है। इतिहास प्रसिद्ध कालिंजर का विशाल किला यहाँ से मात्र पच्चीस किलोमीटर दूर है।