मानव शरीर में होने वाली ऐच्छिक अनैच्छिक क्रियाओं के लिए वांछित ऊर्जा की पूर्ति भोजन द्वारा होती है विभिन्न भोज्य पदार्थों में उपलब्ध प्रोटीन, वसा, कर्बोहाइड्रेट शरीर को ऊर्जा प्रदान करते हैं ।
जिन भोज्य पदार्थों में वसा की मात्रा अधिक एवं जल की मात्रा कम होती है । उनमें कैलोरीज की मात्रा अधिक होती है एवं जिन भोज्य पदार्थों में वसा की मात्रा कम एवं जल की मात्रा अधिक होती है, उनमें कम कैलोरी पाई जाती है। वसा युक्त भोजन जैसे -घी, मलाई, मक्खन में सर्वाधिक मात्रा में कैलोरीज होती है । इन पदार्थों के अधिक प्रयोग से मोटापा बढ़ जाता है । अधिक शर्करायुक्त भोजन के उपयोग से भी शरीर को काफी ऊर्जा प्राप्त हो जाती है। इन पदार्थों में गुड़, जैली, मुरब्बा, फलों के रस आते हैं ।
सन्तुलित आहार में शरीर निर्माणक तत्व जैसे खनिज लवण, प्रोटीनयुक्त भोज्य पदार्थ, मांस, मछली, अण्डा, दूध, दही, पनीर आदि में पाये जाते हैं । इनमें उच्चकोटि के प्रोटीन पाये जाते हैं । दालें, सोयाबीन, सूखे मेवे, मटर आदि से भी प्रोटीन प्राप्त होता है। साथ ही रक्षात्मक पोषक तत्वों का प्रयोग भी सन्तुलित आहार में होना आवश्यक है । इनमें विटामिन I A, B, C, D, E, K आते हैं। साथ ही आयोडीन एवं लोहायुक्त भोज्य पदार्थ भी शरीर को रक्षात्मक तत्व देते हैं । ये दूध, हरी सब्जियाँ, फल आदि से प्राप्त होते हैं ।